
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने शुक्रवार को दावा किया कि पंजाब में हुए विधानसभा चुनाव (Punjab Assembly Election) में पहली बार 13 चिकित्सक विधायक चुने गए हैं. उन्होंने ये बात पंजाब विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के एक दिन बाद कही, जिसमें आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) को 117 में से 92 सीटों पर जीत मिली है. आप के वरिष्ठ नेता जैन ने ट्वीट किया, भारत में रचा गया राजनीतिक इतिहास. पंजाब में पहली बार 13 डॉक्टर आम आदमी पार्टी के विधायक चुने गए हैं. जीवन रक्षक अब जनप्रतिनिधि बन गए हैं. उन्होंने पंजाब विधानसभा के लिए चुने गए डॉक्टरों की सूची भी पोस्ट की.
विधायक चुने गए डॉक्टरों में बंगा से सुखविंदर कुमार सुखी, चब्बेवाल से राजकुमार चब्बेवाल, तरनतारन से कश्मीर सिंह सोहल, शाम कहुरासी से रवजोत सिंह, चमकौर साहिब से चरणजीत सिंह, नवांशहर से नछत्तर पाल, अमृतसर दक्षिण से इंदरबीर निज्जर और अन्य शामिल हैं. बता दें कि पंजाब में हुए विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को प्रचंड जीत मिली है. इस बार के चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 92 सीटों पर कब्जा किया है.
पंजाब में आम आदमी पार्टी की बड़ी जीत के बाद अब आप नेता भगवंत मान को विधायक दल का नेता चुन लिया गया है. अभी तक की जानकारी के मुताबिक भगवंत मान 16 मार्च को शपथ ले सकते हैं. हालांकि भगवंत मान शपथ ग्रहण समारोह से पहले 13 मार्च को दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के साथ अमृतसर में रोड-शो करेंगे.
आप नेता भगवंत मान ने विधायकों को दी नसीहत
विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद भगवंत मान ने विधायकों से कहा कि मेरी आप सभी से एक विनती है कि अहंकार मत करना, जिसने वोट नहीं दिया उसका भी काम करना. आप पंजाबियों के विधायक हो, सरकार पंजाबियों में बनाई है. आज मैं जब दिल्ली जा रहा था, रास्ते मे हार पहनाते हुए एक आदमी ने कहा कि मान साहब हमें किसी ने इज्जत ही नहीं दी. मान ने कहा कि पुलिसकर्मियों की किसी भी गलत हरकत को लेकर मैं बहुत स्ट्रिक्ट रहूंगा. हमें वहां जाकर काम करना है जहां जाकर वोट मांगे हैं. जीतकर यह नहीं कहना कि चंडीगढ़ आओ. कोई भेदभाव नहीं करना, अरविंद केजरीवाल का भी यही मैसेज है. स्कूल, अस्पताल, बिजली, इंडस्ट्री, हम 17 मंत्री बना सकते हैं, बाकी 75 जिन्हें मंत्री नहीं बनाया जाएगा वो नाराज न हों, मंत्री का काम सबको करना है.
इसे भी पढ़ें :- Punjab Election Result: सीएम केजरीवाल से मिलेंगे भगवंत मान, कहा- आज शाम तक शपथ ग्रहण की तारीख का लग जाएगा पता
