
इतिहास में दो मार्च 1949 का दिन सरोजिनी नायडू (Sarojini Naidu) की पुण्यतिथि के रूप में दर्ज है. राजनीतिक कार्यकर्ता, महिला अधिकारों की समर्थक, स्वतंत्रता सेनानी और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की पहली भारतीय महिला अध्यक्ष सरोजिनी नायडू को उनकी प्रभावी वाणी और ओजपूर्ण लेखनी के कारण ‘‘नाइटिंगेल ऑफ इंडिया’’ (Nightingale of India) कहा गया. 13 फरवरी 1879 को हैदराबाद में जन्मीं सरोजिनी के पिता अघोरेनाथ चट्टोपाध्याय (Aghorenath Chattopadhyay) हैदराबाद के निजाम कॉलेज में प्रिंसिपल थे.
सरोजिनी नायडू को नाटक माहेर मुनीर से मिली पहचान
सरोजिनी ने यूनिवर्सिटी ऑफ मद्रास के अलावा लंदन के किंग्स कॉलेज और उसके बाद कैंब्रिज के गिरटन कॉलेज से शिक्षा ग्रहण की. उन्होंने देश की आजादी के संघर्ष में शिरकत की और आजादी के बाद उन्हें यूनाइटेड प्राविंसेज (वर्तमान में उत्तर प्रदेश) का राज्यपाल बनाया गया. उन्हें देश की पहली महिला राज्यपाल होने का भी गौरव हासिल है. उनकी लेखनी ने भी देश के बुद्धिजीवियों को प्रभावित किया. सरोजिनी नायडू ने अपने साहित्यिक जीवन की शुरुआत मात्र 12 साल की उम्र में की थी. उन्होंने अपने नाटक ‘माहेर मुनीर’ से पहचान हासिल की. 16 साल की उम्र में उन्हें हैदराबाद के निजाम की ओर से छात्रवृत्ति मिली. इसके बाद वह लंदन किंग्स कॉलेज में पढ़ाई करने चली गईं थीं. सरोजिनी नायडू को भारत में प्लेग महामारी के दौरान किए गए काम के लिए अंग्रेजी सरकार ने ‘कैसर-ए-हिंद’ पदक से भी सम्मानित किया था. लेकिन जलियांवाला बाग हत्याकांड के बाद उन्होंने विरोध स्वरूप यह सम्मान लौटा दिया था.
देश-दुनिया के इतिहास में 2 मार्च की तारीख में दर्ज महत्वपूर्ण घटनाएं
1498 : पुर्तगाल का यात्री वास्को डी गामा और उसका बेड़ा भारत की तरफ अपनी पहली यात्रा के दौरान मोजाम्बीक द्वीप पहुंचा.
1807 : अमेरिकी कांग्रेस ने एक कानून पास किया, जिससे देश में गुलामों के आयात पर रोक लगा दी गई. इसे दास प्रथा की समाप्ति की दिशा में अहम कदम माना जाता है.
1931 : सोवियत नेता मिखाइल गोर्बाचेव का जन्म, जिन्हें सुधारों की शुरूआत के लिए जाना जाता है.
1969 : ब्रिटेन के सुपरसॉनिक विमान कॉनकॉर्ड ने पहली सफल उड़ान भरी. बताया गया कि विमान को 2080 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक उड़ाया जा सकता है.
1970 : रोडेशिया के प्रधानमंत्री इयान स्मिथ ने ब्रिटिश साम्राज्य के साथ अपना अंतिम संपर्क समाप्त करते हुए देश को गणराज्य घोषित किया.
1991 : श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में एक कार बम विस्फोट में देश के रक्षा उपमंत्री रंजन विजयरत्ने सहित कुल 19 लोगों की मौत.
2008 : पाकिस्तान के डेरा आदमखेल में स्थानीय आतंकवादियों के खिलाफ बल के गठन पर विचार के लिए बुलाई गई कबीलों के बुजुर्गों की बैठक में बम फटने से 42 लोगों की मौत और 58 घायल.
2009 : चुनाव आयोग ने 15वीं लोकसभा के चुनाव 5 चरणों में 16 अप्रैल से 13 मई के बीच कराने का ऐलान किया.
इसे भी पढ़ें: Ukraine and Russia War: रूसी सैनिकों के हमले से यूक्रेन तबाह, कीव में रेलवे स्टेशनों पर अफरा-तफरी का माहौल
इसे भी पढ़ें: यूक्रेन में फंसे भारतीयों को लेकर PM मोदी ने की हाई लेवल मीटिंग, कई केंद्रीय मंत्री भी रहे मौजूद