पश्चिम बंगाल (West Bengal) के कलकत्ता (अब कोलकाता) में हावड़ा जंक्शन से चार किलोमीटर के फासले पर एक भव्य सफेद इमारत है, जिसके जालीदार छज्जे और हरे भरे प्रांगण में चार तरफ जाने वाले रास्तों के बीचोंबीच लगा सुंदर गोल फव्वारा (Fountain) इसकी खूबसूरती को और भी बढ़ा देता है. ये भारतीय संग्रहालय (Indian Museum) है जो दुनिया के सबसे पुराने संग्रहालयों में से एक है. इसकी स्थापना दो फरवरी 1814 को की गई और यहां दुनियाभर की कई दुर्लभ कलाकृतियों और सहेजकर रखने लायक बहुत सी वस्तुओं का विशाल संग्रह है. संग्रहालय इतना बड़ा है कि इसमें दिलचस्पी रखने वालों को इसे पूरा देखने में कई दिन का समय लग सकता है.
देश-दुनिया के इतिहास में 2 फरवरी की तारीख पर दर्ज महत्वपूर्ण घटनाएं
1814 : कलकत्ता (अब कोलकाता) में भारतीय संग्रहालय की स्थापना.
1835 : टीबी मैकॉले ने भारत में अंग्रेजी भाषा को उच्च शिक्षा से जोड़कर देश में पश्चिमी शिक्षा के दरवाजे खोल दिए.
1915 : अपने बेबाक लेखन के लिए विख्यात देश के जाने-माने लेखक, कवि और स्तंभकार खुशवंत सिंह का जन्म.
1953 : अखिल भारतीय खादी एवं कुटीर उद्योग बोर्ड का गठन.
1955 : भारत और सोवियत सरकारों ने नई दिल्ली में एक समझौते पर हस्ताक्षर कर भारत में दस लाख टन की क्षमता वाला इस्पात संयंत्र स्थापित करने पर सहमति जताई.
1971 : ईदी अमीन ने खुद को युगांडा का राष्ट्रपति घोषित किया और अगले आठ साल तक देश के इतिहास के सबसे बर्बर शासन का नेतृत्व किया.
1990 : दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति एफडब्ल्यूडी क्लर्क ने अफ्रीकन नेशनल कांग्रेस पर पिछले 30 साल से लगा प्रतिबंध हटा लिया, जिसके बाद नेल्सन मंडेला को जेल से रिहा करने का रास्ता खुला और रंगभेद का खात्मा हुआ.
1994 : मैडागास्कर में तूफान ‘गेराल्ड’ ने तबाही मचाई. लाखों लोग बेघर हुए और संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा.
2007 : विश्व के प्रमुख जलवायु वैज्ञानिकों ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग शुरू हो चुकी है, जिसे सदियों तक रोका नहीं जा सकेगा.
2008 : फ्रांस के राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी ने पूर्व मॉडल कार्ला ब्रूनी से शादी की. निकोलस सरकोजी की यह शादी बेहद चर्चा में रही थी और शादी से पहले दोनों का रोमांस दुनियाभर में चर्चा का विषय बना रहा था.
2009 : हिलेरी क्लिंटन ने अमेरिका के विदेश मंत्री के तौर पर शपथ ली.
ये भी पढ़ें- Budget 2022: बजट में डिजिटल यूनिवर्सिटी और 60 लाख नई नौकरियां देने का वादा, देखें कैसा है छात्रों का रिएक्शन
ये भी पढ़ें- लोकसभा में TMC सांसद ने की राज्यपाल जगदीप धनखड़ की शिकायत, PM मोदी ने मजाकिया अंदाज में पूछा- आप कब होंगे रिटायर?
(इनपुट- भाषा के साथ)